गुरुवार, दिसंबर 29, 2022

हैं नहीं पहले सी अब तो रौनकें बाजार में

 ग़ज़ल 


सब तरफ है छाई मंदी  आजकल  व्यापार में

हैं नहीं पहले  सी   अब तो  रौनकें  बाजार  में 


कुछ जरा   बदलाव आए , दाम शेयर  के  गिरें 

ढूँढने  लग  जाते  हैं  जी  ऐब  हम  सरकार  में 


आप भी कुछ हल निकालें  बात बन ही जाएगी

क्यों  भड़क  कर  दोष देते  वक्त को   बेकार  में 


चाटुकारी,    बेईमानी    मिलती     बेग़ैरत में  है

दोष   ये   होते  नहीं    हैं    आदमी  ख़ुद्दार     में 


हर तरफ होगा   उजाला  होगी  रोशन  रात  ये 

क़ुमक़ुमे   यूँ  जल  उठेंगे  नूर   के  त्योहार    में


डॉ रजनी मल्होत्रा नैय्यर

बोकारो थर्मल,झारखंड

शनिवार, जुलाई 23, 2022

मतला व 1 शेर



हयाते जंग   में  अपनों  को   साथ  पाते हैं 

तभी  तो  आप  ग़मों  में  भी  मुस्कुराते  हैं 

दुखों के  साये  सदा   साथ  तो  नहीं  होते

वो आ तो जाते हैं लेकिन चले भी जाते  हैं


डॉ रजनी मल्होत्रा नैय्यर

सोमवार, मार्च 21, 2022

ले गुलाबी दुआ, जा तुझे इश्क़ हो (ग़ज़ल)

 होली हास्य में डूबी हुई एक ग़ज़ल 👇


आज उसने कहा,जा तुझे  इश्क़  हो

हाल दिल का सुना,जा तुझे इश्क़ हो


दिलरुबा कोई तुझको मिले प्यार से

तू भी हो बावरा, जा  तुझे  इश्क़  हो


हिज्र  का ग़म  तुझे भी  सताये कभी

तू  करे  रतजगा, जा  तुझे  इश्क़  हो


क्यों  दहलता  है तू  प्यार के नाम से

इश्क़ में  डूब जा, जा  तुझे इश्क़  हो


कौन  देता किसी  को हसीं  ये  दुआ

ले  गुलाबी  दुआ, जा  तुझे इश्क़  हो


डॉ. रजनी मल्होत्रा नैय्यर

बोकारो थर्मल, झारखंड

सोमवार, फ़रवरी 21, 2022

है लगे आज जुगनू भी महताब सा

 एक ग़ज़ल हाजिर है मित्रों 🙏😊


अश्क़ आँखें बहाती  रही    रातभर

याद   तेरी   सताती   रही   रातभर


प्यार से  लग  गले ओस कचनार के

साथ में  खिलखिलाती रही  रातभर


है  लगे आज जुगनू भी  महताब सा

ये   अमावस  बताती   रही   रातभर


चाँद को देख बदली  की आगोश में

चाँदनी  दिल जलाती   रही  रातभर


इन निगाहों से थे  ख़्वाब  रूठे   हुए

नींद उनको   मनाती    रही   रातभर            


"डॉ. रजनी मल्होत्रा नैय्यर

 बोकारो थर्मल, झारखंड

गुरुवार, फ़रवरी 17, 2022

ग़ज़ल

 एक ग़ज़ल हाज़िर कर रही 🙏😊


आएगा  इंकलाब    रहने   दे

है   वहम ये   जनाब रहने   दे


ये  ज़रूरी  नहीं  कि  झूठे  हों

इन निगाहों में ख़्वाब  रहने  दे 


ख़ुद को यूँ बेहिजाब मत करना

रुख़  पे  थोड़ा  हिज़ाब रहने  दे


अपना दामन बचा  के रहना है

है   ज़माना    ख़राब   रहने   दे


अपनी साँसों में लम्स की खुशबू

फूल    जैसे     गुलाब   रहने   दे 


नाज़ किस शय पे हो यहाँ "रजनी"

साँस    भी   है   हबाब   रहने   दे 


इंकलाब-- परिवर्तन, क्रांति

हबाब -  पानी का बुलबुला

हिज़ाब-- पर्दा,लज्जा, शर्म

लम्स--    छूवन

----------- --- ------------

"डॉ. रजनी मल्होत्रा नैय्यर"

   बोकारो थर्मल झारखंड

मंगलवार, फ़रवरी 01, 2022

शेर

 

12 रुक्न शेर
22    22   22      22     22 22

माना सुख है सत्ता  के  गलियारों  में 
पर चलना पड़ता है जलते अंगारों में 
अपने भी इसमें दुश्मन बन  जाते  हैं 
चैन अमन  वो ढूँढते हैं  हथियारों  में 
"डॉ. रजनी मल्होत्रा नैय्यर"